
मिश्रिख सीतापुर संदेश महल
विकास खंड मिश्रिख क्षेत्र के ग्राम परसौली में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी का कार्य लंबे समय से बाधित पड़ा है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह प्रोजेक्ट अब लापरवाही की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, टंकी निर्माण कार्य कई वर्षों से ठप पड़ा हुआ है। मौके पर केवल बाउंड्री वॉल और एक कमरा ही बना हुआ दिखाई देता है, जबकि अन्य कार्य अधूरे पड़े हैं। कार्यदायी संस्था की सुस्ती के कारण योजना का लाभ अब तक ग्रामीणों को नहीं मिल सका है।

स्थिति और गंभीर तब हो गई जब टंकी परिसर में लगाए गए चार सोलर पैनल अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर लिए जाने की जानकारी सामने आई। इससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हुआ है, बल्कि परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस योजना के पूरा होने का वे बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते कार्य वर्षों से अधर में लटका हुआ है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान सुमन मौर्या के पति से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कराकर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।