युवक की चाकू से हत्या गेहूं के खेत में मिला शव गांव में तनाव

बाराबंकी संदेश महल
कुर्सी कोतवाली क्षेत्र के मदनपुर गांव में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार देर रात कुर्सी-ईंटोचा मार्ग के पास गेहूं के खेत में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान श्रीराम पुरवा निवासी मिथुन रावत (22) पुत्र छविनाथ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे गांव के ही कुछ युवक मिथुन को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार के बाद स्वजन चिंतित हो गए और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।शनिवार सुबह परिजन कुर्सी थाने पहुंचे और युवक के लापता होने की सूचना देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच सूचना मिली कि कुर्सी-ईंटोचा मार्ग के पास गेहूं के खेत में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मिथुन रावत के रूप में की। उसके सीने और गर्दन पर चाकू से कई वार के गहरे निशान मिले हैं।घटना की सूचना मिलते ही कुर्सी पुलिस के साथ बाराबंकी और लखनऊ की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि गांव के दूसरे समुदाय के कुछ लोगों से मृतक का विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया।पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपितों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस निगरानी भी बढ़ा दी गई है।