चार ने खाया जहर एक युवती की मौत; तीन की हालत गंभीर

बहराइच संदेश महल समाचार
जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आत्महत्या की कोशिश के चार मामले सामने आए हैं। तीन महिलाओं सहित चार लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिनमें से एक युवती ने दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।

बौंड़ी थाने के जंगीघाट गांव की संदीन (55) पत्नी श्यामलाल ने मंगलवार दोपहर जहर खा लिया। परिजन जब उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तब तक उसकी हालत काफी बिगड़ चुकी थी। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

हरदी थाना क्षेत्र के चंदपैय्या गांव निवासी अंगद (24) पुत्र राममिलन ने सोमवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।

इसी थाना क्षेत्र के पासिनपुरवा गांव की निशां (19) पत्नी अक्षय ने भी मंगलवार दोपहर जहर खा लिया। उसे भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है।

हुजूरपुर थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव की बिट्टा देवी (37) पत्नी रमेश ने मंगलवार सुबह जहर खा लिया। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।

चारों मामलों में पुलिस जांच कर रही है और घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है।