बरात जाने से पहले दूल्हा गायब परिजनों ने अनहोनी की आशंका पर पुलिस को दी तहरीर

अखिलेश कुमार
पीलीभीत संदेश महल समाचार

बरात जाने के कुछ घंटे पहले अचानक दूल्हे के गायब होने से घर में खलबली मच गई।दूल्हे की तलाश की गई। घर में कही भी मौजूद न मिलने पर परिजन ने खोजबीन की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताकर थाने में तहरीर दी है।
मामला थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर निवासी रामअवध तिवारी ने बताया कि उसके पुत्र शशांक का विवाह बरेली के थाना फतेहगंज पश्चिमी से तय हुआ था। बुधवार को बरात जानी थी। सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थी। दोपहर बाद बरात रवाना होनी थी। दुल्हा बना शशांक भी तैयारियों में जुटा था। दोपहर होते ही अचानक वह घर से नदारद हो गया। बरात जाने के समय जब उसकी तलाश की गई तो वह घर में मौजूद नहीं मिला। खुशी का माहौल गम में बदल गया। दूल्हे के गायब होने की जानकारी मिलने पर वर पक्ष में खलबली मच गई। नाते-रिश्तेदारियों में दूल्हे की खोजबीन की गई लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद परिजन ने थाने में तहरीर दी। दूल्हे के पिता ने अपहरण की आशंका जताई है। थाना प्रभारी अचल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दूल्हे के मोबाइल साथ ले जाने की बात कही गई है। नंबर से लोकेशन को ट्रेस किया जा रहा है।