29 माह से सफाई कर्मी का वेतन बकाया, ग्रामीण 18 सितम्बर को धरने पर बैठेंगे

सूरतगंज बाराबंकी संदेश महल
सूरतगंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम मुकौली में सामुदायिक शौचालय की सफाई का जिम्मा संभाल रही मीना पत्नी अशोक को पिछले 29 माह से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से मीना व उनका परिवार भारी आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के राज्य समिति सदस्य सुरेन्द्र कुमार ने खण्ड विकास अधिकारी सूरतगंज को पत्र लिखकर बकाया वेतन और खर्च की गई अन्य राशि का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मीना ने सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयं की ओर से मरम्मत और आवश्यक सामान की खरीद पर 18,218 रुपये खर्च किए हैं, लेकिन आज तक उन्हें न तो वेतन मिला और न ही खर्च की गई राशि का भुगतान हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि बीकेपुर ग्राम सभा में ननकू के घर से सामुदायिक शौचालय तक जाने वाले मार्ग का निर्माण भी वर्षों से लंबित है। इस समस्या को लेकर राम कुंवारे पुत्र बद्री प्रसाद पहले ही जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मार्ग न बनने से बच्चों और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सुरेन्द्र कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि 18 सितम्बर तक बकाया वेतन और मार्ग निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो स्थानीय ग्रामीण विकास खण्ड कार्यालय सूरतगंज पर धरना देने को बाध्य होंगे।