किराये के मकान में रह रही महिला की गला घोंटकर हत्या पति और प्रेमी नामजद

बाराबंकी संदेश महल
कोतवाली नगर क्षेत्र के बड़ेल मोहल्ले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान गुलशन शेख मंसूरी के रूप में हुई है। वह एक सप्ताह पहले ही किराये के मकान में रहने आई थी। गुलशन के भाई लतीफ ने हत्या का आरोप बहन के पति आरिफ शेख मंसूरी और उसके प्रेमी सुमित वर्मा पर लगाया है। लतीफ का कहना है कि गुलशन का निकाह करीब दस साल पहले आरिफ से हुआ था और दोनों की एक छह वर्षीय पुत्री है। घरेलू विवाद के चलते गुलशन पिछले पांच साल से पति से अलग रह रही थी।
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पुत्री फिलहाल मायके में रह रही है और उसकी परवरिश भाई लतीफ ही कर रहे हैं। लतीफ ने बताया कि आरोपी पति दो दिन पहले ही गुजरात से लौटा था।
घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किए और मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।