रामकुमार मौर्य
रामनगर बाराबंकी संदेश महल
श्री लोधेश्वर महादेवा का ऐतिहासिक अगहनी मेला कल 17 नवंबर से प्रारंभ होगा। मेले के शुभारंभ की सभी तैयारियाँ प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को पूरे दिन अधिकारी और कर्मचारी मेला परिसर में अंतिम व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे रहे।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं मेला सचिव गुंजिता अग्रवाल की देखरेख में मेला क्षेत्र की साफ-सफाई, मार्गों का समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक कार्य अंतिम रूप ले चुके हैं। लोक निर्माण विभाग ने आवागमन मार्गों को दुरुस्त कर दिया है, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सीएचसी सूरतगंज की ओर से चिकित्सा कैंप की तैयारी कर ली गई है।
मेले के दौरान भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस और राजस्व टीम पूरे क्षेत्र में मुस्तैद रहेगी। खंड शिक्षा अधिकारियों को मेले के प्रचार-प्रसार और बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
मेला सचिव ने बताया कि शासन की मंशानुसार महोत्सव को भव्य और सुरक्षित रूप में सम्पन्न कराया जाएगा। श्रद्धालुओं और आगंतुकों में मेले को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। कल होने वाले उद्घाटन को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार है।