फायर स्टेशन व सीओ ऑफिस की दीवार तोड़कर कार घुसी, चार युवक घायल

सीतापुर संदेश महल
लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बे में शनिवार देर रात तेज रफ्तार का खतरनाक नज़ारा देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित कार अचानक फायर स्टेशन और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कार्यालय की बाउंड्री वॉल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाउंड्री वॉल का बड़ा हिस्सा ढह गया और कार सीधे परिसर के अंदर जा घुसी। हादसे में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना लहरपुर तहसील मार्ग पर स्थित तीव्र मोड़ पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तहसील की ओर से आ रही थी और स्पीड काफी ज्यादा थी। मोड़ आते ही चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी सीधी फायर स्टेशन की दीवार से जा भिड़ी। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और घायल युवकों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से CHC लहरपुर भेजा।

हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। वहीं फायर स्टेशन और सीओ ऑफिस की बाउंड्री वॉल के परखच्चे उड़ गए।

घायल युवक

घायलों की पहचान इस प्रकार हुई—

नाजिम (23 वर्ष) निवासी बसैहिया टोला
शारिक (16 वर्ष) निवासी बसैहिया टोला
रजी (24 वर्ष) निवासी मितौली, लखीमपुर
इकराम (18 वर्ष) निवासी बसैहिया टोला

डॉक्टरों ने जांच के बाद नाजिम और शारिक की हालत गंभीर बताई और दोनों को पहले ओयल ट्रॉमा सेंटर, लखीमपुर खीरी रेफर किया गया। बाद में स्थिति नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया।
अन्य दो घायल रजी और इकराम को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने वाहन किया जब्त

घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर पूरी घटना का जायजा लिया। वाहन को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

तेज रफ्तार और लापरवाही की यह घटना फिर एक बार सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की जरूरत को सामने लाती है।