सीतापुर/ संदेश महल समाचार
जिले के रामपुर कला थाना क्षेत्र के बगरा भारी गांव में एक महिला की भाले से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बकरियां चराने खेत की ओर गई महिला के साथ गांव के ही एक व्यक्ति ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उस पर भाले से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, महिला गांव के बाहर बकरियां चरा रही थी। इसी दौरान गांव निवासी रंगीलाल (55) पुत्र रामस्वरूप वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने गांव के उत्तर स्थित खड़ंजे पर उस पर भाले से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई।
मृतका के ससुर रामखेलावन और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति पहले भी महिला के साथ कई बार छेड़छाड़ कर चुका था। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी फरार है। वारदात के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव और रामपुर कला थाना प्रभारी लाला गोस्वामी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ के मुताबिक, आरोपी की पहचान रंगीलाल के रूप में हुई है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।