ठाकुर प्रसाद/सीतापुर संदेश महल समाचार
जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंडन संस्कार से लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली के नीचे दबकर पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 17 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुंडन संस्कार से लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरगांवा गांव निवासी हरिनाम के बेटे अभी का मुंडन संस्कार हरदोई जिले के पिहानी थाना क्षेत्र स्थित रायपुर गांव के एक धार्मिक स्थल पर संपन्न हुआ था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव बरगांवा लौट रहे थे।
इसी दौरान पिहानी मार्ग पर कुलहाघाट के समीप हिम्मतनगर गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे दब गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
छः की मौत, 17 घायल
इस भीषण दुर्घटना में छः लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल में पांच को मृत घोषित किया गया
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए पिसावां तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) महोली भेजा गया। महोली सीएचसी के चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद बरगांवा निवासी काजल (10), सुशीला (50), रूबी (22), सुनीता (40) और एक अन्य महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायलों का इलाज जारी है।