बच्चों का पोषण देश की प्राथमिकता है श्री मोदी मन की बात कार्यक्रम

संदेश महल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि अंतरिक्ष क्षेत्र में सुधारों से देश के युवाओं को बहुत फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस महीने की 23 तारीख को देशवासियों ने पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस चंद्रयान-3 की सफलता के जश्न के रूप में मनाया गया।मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल 23 अगस्त को चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी भाग शिव-शक्ति बिंदु पर सफल लैंडिंग की थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान स्पेस सेक्टर में स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं से बातचीत भी की। श्री मोदी ने मन की बात के माध्यम से युवाओं से विकसित भारत का लक्ष्य पाने के लिए देश के पॉलिटिकल सिस्टम से जुडने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस साल लालकिले से उन्होंने गैर राजनैतिक पृष्ठभूमि वाले एक लाख युवाओं को राजनैतिक क्षेत्र से जुडने का आह्वान किया था। इसके बाद बहुत सारे युवाओं ने प्रतिक्रियाएं दी और वे राजनीति में आने के लिए उत्सुक है तथा सही मौके और मार्गदर्शन की तलाश कर रहे है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों के जीवन में फिटनेस बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने फिट रहने के लिए लोगों को अपने खान-पान और जीवनशैली पर ध्यान देने को कहा। श्री मोदी ने लोगों से सुपरफूड यानी मोटा अनाज को अपने रोजमर्रा के भोजन में शामिल करने को भी कहा। प्रधानमंत्री ने कहा कि बच्चों की अच्छी सेहत के लिये जरूरी है कि उन्हें सही पोषण मिलता रहे। बच्चों का पोषण देश की प्राथमिकता है। श्री मोदी ने कहा, हर साल देश में पोषण माह मनाया जाता है। पिछले वर्ष पोषण अभियान को नई शिक्षा नीति से भी जोड़ा गया है। उन्होंने इस अभियान से जुडने की अपील की। प्रधानमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान में देशवासियों द्वारा दिखाये गये उत्साह पर कहा कि इस अभियान ने पूरे देश को एक सूत्र में बांध दिया। श्री मोदी ने कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से पर्यावरण संरक्षण की भी बात कही। प्रधानमंत्री ने आगामी त्यौहारों जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी, ओणम, मिलाद-उन-नवी और तेलुगु भाषा दिवस के लिए लोगों को बधाई दी। प्रदेश में भी मन की बात कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया। राज्य के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने मन की बात कार्यक्रम को सुना। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आज जोधपुर के एसएन मेडिकल कॉलेज सभागार में मन की बात कार्यक्रम के 113वीं कड़ी को सुना। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड और संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जैसलमेर सांचौर और भीलवाडा में भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने मन की बात कार्यक्रम को सुना। टोंक जिले में भी कई स्थानों पर मन की बात कार्यक्रम को सुना गया।