शॉर्ट सर्किट से चौकीदार का घर जलकर राख भैंस व दो बच्चे झुलसे

बाराबंकी संदेश महल
रामनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत हथोइया के मजरा धौरछिया में रविवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर एक गरीब परिवार का छप्परनुमा घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में घर में बंधी एक भैंस और उसके दो बच्चे भी बुरी तरह झुलस गए।
आग रामनगर थाने में चौकीदार के पद पर तैनात ग्राम निवासी रामशंकर पुत्र तुलसीराम के घर में लगी। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन संसाधनों के अभाव में सफलता नहीं मिल सकी।
पीड़ित रामशंकर और रामवीर ने बताया कि आग में घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। राशन, चारपाई, संदूक, साइकिल, पंपिंग सेट और भूसे में रखी गेहूं की चार बोरियां भी जल गईं। इस हादसे में करीब तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।घटना के बाद बिजली विभाग की लापरवाही भी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि आग लगने की सूचना कई बार बिजली विभाग को दी गई, लेकिन घंटों तक कोई कर्मचारी फोन रिसीव करने नहीं पहुंचा। करीब पांच घंटे बाद बिजली की सप्लाई काटी गई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।सूचना पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार का आशियाना पूरी तरह जल जाने से वे बेघर हो गए।
रामनगर की उप जिलाधिकारी गूंजीता अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए लेखपाल को मौके पर भेजा गया है और पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं पशु चिकित्साधिकारी बसंत राय पाटिल ने चिकित्सकों की टीम भेजकर झुलसे पशुओं का इलाज शुरू करा दिया है।