कर्मचारी का शव मिलने से हड़कंप परिजनों ने मिल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल
जनपद के फखरपुर क्षेत्र स्थित पारले शुगर फैक्ट्री परिसर में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक के परिजनों ने मिल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए लापरवाही और मामले को दबाने का प्रयास करने की बात कही है।
मृतक की पहचान नगर के सूफीपुरा मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो पारले चीनी मिल में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार सुरेंद्र सिंह गुरुवार को ड्यूटी पर गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। उनका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा, जिससे परिजन चिंतित हो गए।
शुक्रवार सुबह परिजन उनकी तलाश में मिल परिसर पहुंचे। दोपहर करीब एक बजे फैक्ट्री परिसर के भीतर स्थित केमिकल युक्त नाले में सुरेंद्र सिंह का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी कैसरगंज तथा फखरपुर थाना प्रभारी संजीव चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक के बड़े भाई संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र सिंह का मोबाइल फोन अब तक नहीं मिला है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मिल प्रशासन ने काफी देर तक परिजनों को घटनास्थल पर जाने से रोके रखा, जिससे संदेह और गहरा हो गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में फखरपुर थाना प्रभारी संजीव चौहान ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।
घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पारले शुगर फैक्ट्री परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और आंतरिक कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।