पुरानी रंजिश में भतीजे ने चाचा पर झोंकी पांच राउंड गोलियां, गंभीर

जमीन विवाद में वारदात, घायल को लखनऊ रेफर; पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

पिसावां (सीतापुर) संदेश महल समाचार। थाना क्षेत्र के लोहारखेड़ा गांव में बुधवार दोपहर पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई। आरोप है कि सगे भतीजे ने अपने चाचा पर तमंचे से पांच राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
लोहारखेड़ा निवासी रामअवध सिंह उर्फ फूल सिंह पुत्र रामलाल सिंह बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे परिक्रमा तेजीपुरवा मार्ग पर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके सगे भतीजे अमृत सिंह पुत्र स्वर्गीय संजय सिंह ने कथित तौर पर तमंचे से उन पर पांच राउंड गोलियां चला दीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल को अपनी सरकारी जीप से पिसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।
तीन साल पहले हुई हत्या से जुड़ी बताई जा रही रंजिश
ग्रामीणों के अनुसार, फूल सिंह और संजय सिंह दो भाई थे। उनके पिता रामलाल बड़े बेटे संजय के साथ रहते थे। परिवार के पास करीब 150 बीघा जमीन बताई जाती है। खेती और जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद था।
ग्रामीणों का आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले फूल सिंह ने अपने बड़े भाई संजय सिंह की हत्या कर दी थी। इसके बाद रामलाल ने संजय की पत्नी के नाम 25 बीघा जमीन कर दी थी। इसी पारिवारिक और जमीन विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है।