बरनाहल थाने में 13 मुकदमों से संबंधित 55 लीटर अवैध देशी शराब नष्ट

मैनपुरी संदेश महल समाचार
जनपद में निस्तारित मुकदमों से संबंधित माल मुकदमाती के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरनाहल पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर 55 लीटर अवैध देशी शराब नष्ट कराई। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत 15,840 रुपये बताई गई है।पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देश पर जनपद के विभिन्न थानों में निस्तारित अभियोगों से संबंधित लंबित माल मुकदमाती के नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी करहल के पर्यवेक्षण में थाना बरनाहल पुलिस ने आबकारी अधिनियम से संबंधित 13 मुकदमों में बरामद शराब के निस्तारण के लिए आवश्यक अभिलेखीय कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट न्यायालय को भेजी थी।न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय, मैनपुरी से आदेश प्राप्त होने के बाद गठित टीम की मौजूदगी में कुल 55 लीटर अवैध देशी शराब का नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया गया।
इस दौरान नायब तहसीलदार करहल अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी करहल अजय सिंह चौहान, थाना प्रभारी बरनाहल अनुरुद्ध प्रताप सिंह और हेड मोहर्रिर अशोक कुमार मौजूद रहे।पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नियमानुसार माल मुकदमाती का निस्तारण कराया गया। जनपद में लंबित माल के निस्तारण की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।