मैनपुरी में यातायात पुलिस का बड़ा अभियान, 966 वाहनों के चालान; 12.70 लाख रुपये का जुर्माना

मैनपुरी संदेश महल समाचार
मैनपुरी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए मंगलवार को जनपद में यातायात पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के निर्देशन में यातायात पुलिस और सभी थानों की पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर/यातायात अरुण कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक यातायात दीपशिखा सिंह और यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 966 वाहनों के चालान किए गए और 12 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप रहा।चेकिंग अभियान के साथ ही पुलिस ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। जनपद के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और सड़क पर सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया।पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाएं, शीशों पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल न करें और सभी यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।