जल्लापुर चौराहे के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा आरोपी, न्यायालय भेजने की तैयारी
ठाकुर प्रसाद/ पिसावा संदेश महल/ सीतापुर
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिसावां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने पुरस्कार घोषित वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जल्लापुर चौराहे के पास से पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार किया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तोले उर्फ तुलसीराम पुत्र बुधई मौर्य, निवासी ग्राम बरखेड़िया, थाना पिसावां, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त मुकदमा संख्या 102/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुरस्कार भी घोषित था।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रभात कुमार गुप्ता के साथ कांस्टेबल जौनी, नीरज, लवकुश एवं सोनल शामिल रहे।