64 साल बाद जागी शहीदों की शहादत को सम्मान देने की पहल, सुल्तानपुर के तीन रेजांगला वीरों के परिजन होंगे सम्मानित

18 नवंबर को रामनरेश त्रिपाठी सभागार में होगा रेजांगला शौर्य दिवस समारोह, अभिलेखों की खोजबीन से सामने आई तीनों शहीदों की पहचान

(संदेश महल समाचार) सुल्तानपुर। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की शहादत को याद करना राष्ट्र का नैतिक दायित्व है। लेकिन विडंबना है कि सुल्तानपुर के तीन ऐसे वीर सपूतों के परिवारों को अपने शहीद परिजनों के सम्मान के लिए 64 वर्षों तक इंतजार करना पड़ा। अब छह दशक से अधिक समय बाद इन शहीदों के परिजनों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने की पहल की गई है।
वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान रेजांगला मोर्चे पर देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए सुल्तानपुर के तीन वीर जवानों शीतला प्रसाद यादव, सत्यदेव यादव और चंद्रपति यादव के परिजनों को 18 नवंबर को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर रामनरेश त्रिपाठी सभागार में रेजांगला शौर्य दिवस समारोह आयोजित होगा।
इस आयोजन की खास बात यह है कि पहली बार तीनों शहीदों के परिवारों को एक सार्वजनिक मंच पर आमंत्रित कर सम्मान दिया जाएगा। शिक्षक एवं आयोजन समिति के संस्थापक संतोष यादव तथा अटेवा जिलाध्यक्ष मंजीत यादव की पहल पर इन गुमनाम होते जा रहे वीर सपूतों की जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू हुआ। अभिलेखों की खोजबीन और दस्तावेजों के आधार पर तीनों शहीदों की पहचान सामने आई और उनके परिजनों तक पहुंचने का रास्ता साफ हुआ।
रेजांगला का युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास में अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की मिसाल के रूप में याद किया जाता है। इस युद्ध में भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में भी जिस वीरता और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सुल्तानपुर के इन तीनों वीर जवानों के परिजनों का सम्मान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन परिवारों के त्याग और पीड़ा के प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्रियजनों को खोया। 64 साल बाद होने वाला यह सम्मान समारोह जिले के इतिहास में शहीदों के प्रति कृतज्ञता और राष्ट्रीय गौरव का एक महत्वपूर्ण अध्याय बनेगा।