
नाली और जल निकासी की व्यवस्था न होने से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही परेशानी
(संदेश महल)
ठाकुर प्रसाद पिसावां (सीतापुर)।
विकास खंड पिसावां की ग्राम पंचायत जिगनिया में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गांव के मुख्य मार्ग की स्थिति बदहाल हो गई है। सड़क पर लगातार बह रहे गंदे पानी और कीचड़ के कारण ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि सड़क कम और नहर अधिक नजर आती है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के इस मुख्य मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन होता है। लेकिन सड़क पर भरे गंदे पानी के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए यहां से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। आए दिन लोग फिसलकर चोटिल भी हो रहे हैं।वहीं, लंबे समय से जमा गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। इससे गांव में संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित जिम्मेदारों, ग्राम प्रधान, तहसील प्रशासन और खंड विकास अधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।