रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल समाचार
मंझारा तौकली क्षेत्र में भेड़िये का खौफ और गहराता नजर आया। प्रिंस बाबा बंगला के पास खेल रहे तीन वर्षीय मासूम पर दिनदहाड़े भेड़िये ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से बच्चा चीख उठा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े और शोर मचाते हुए भेड़िये को खदेड़ा। इस बीच बच्चा किसी तरह उसके चंगुल से छूट गया।
गंभीर रूप से घायल मासूम को आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी जान बचा ली गई। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में भेड़िये ने अब तक तीन बच्चों को अपना शिकार बनाया है और दर्जनों लोगों को घायल कर चुका है। पहले वह रात और भोर के समय हमला करता था, लेकिन अब दिनदहाड़े बच्चों पर हमला करना शुरू कर दिया है, जिससे दहशत और बढ़ गई है।
वन विभाग के डीएफओ राम सिंह यादव ने बताया कि भेड़िए की तलाश में 32 टीमें अत्याधुनिक तकनीक के साथ लगी हैं। हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।