सीतापुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) के साथ जो कुछ हुआ, उसने पूरे प्रदेश के शिक्षा विभाग को हिला दिया है। एक प्रधानाध्यापक द्वारा खुलेआम अपने अधिकारी पर बेल्ट से हमला करना न केवल व्यक्तिगत अपराध है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की साख पर भी गहरी चोट है।
शिक्षा विभाग का स्वरूप अनुशासन, मर्यादा और बौद्धिक नेतृत्व का होता है। यहां कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति को समाज आदर्श मानता है। ऐसे में जब एक प्रधानाध्यापक—जो स्वयं विद्यार्थियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाने के लिए नियुक्त है—इस हद तक गिर जाए कि अपने उच्चाधिकारी पर हमला कर दे, तो यह विभाग की छवि को कलंकित करता है।
दरअसल, यह घटना केवल एक व्यक्ति की आवेशपूर्ण प्रतिक्रिया भर नहीं है। यह उस बढ़ती असहिष्णुता की भी झलक है, जो अब दफ्तरों और संस्थानों में तेजी से जगह बना रही है। आलोचना सहने और जवाब देने की बजाय हिंसा का रास्ता चुनना यह दर्शाता है कि हम शिक्षण-प्रशासन की बुनियादी मूल्यों को भूलते जा रहे हैं।
सोचने वाली बात यह है कि एक शिक्षक जब अपने अधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार कर सकता है, तो वह अपने विद्यालय में बच्चों के सामने क्या आदर्श प्रस्तुत करता होगा? शिक्षा का असली उद्देश्य बच्चों में धैर्य, संवाद और विवेक पैदा करना है। यदि अध्यापक ही विवेक खो बैठे तो यह भविष्य की पीढ़ियों के लिए खतरनाक संकेत है।
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल दी है। किसी भी सरकारी कार्यालय, विशेषकर संवेदनशील शिक्षा विभाग जैसे दफ्तर में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस इंतजाम जरूरी हैं। कर्मचारियों और अधिकारियों की सुरक्षा उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी विभागीय कार्यवाही।
आवश्यक है कि आरोपी प्रधानाध्यापक पर कठोरतम कार्रवाई की जाए ताकि यह संदेश स्पष्ट रूप से जाए कि शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता और गुंडागर्दी को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, अधिकारियों को भी यह सुनिश्चित करना होगा कि शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हो, ताकि असंतोष हिंसा में न बदले।
सीतापुर की घटना हमें चेतावनी देती है कि यदि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा बचानी है तो शिक्षकों से लेकर अधिकारियों तक सबको आत्मसंयम, संवाद और अनुशासन का पालन करना होगा। वरना बेल्ट का यह वार केवल एक बीएसए पर नहीं, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था पर समझा जाएगा।