हीराराम सैन सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार
सिरोही जिले के भटाना गांव में पिछले तीन वर्षों से लोगों के लिए खतरा बना हुआ झुका बिजली पोल आखिरकार प्रशासन और विद्युत विभाग की सक्रियता से सीधा कर दिया गया। जैन मंदिर के सामने खड़ा यह पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता था, जिससे ग्रामीण लंबे समय से परेशान थे। अब समस्या के समाधान के बाद गांववासियों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, 3 मई को आयोजित ग्राम रथ एवं संध्या चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों ने यह गंभीर समस्या रेवदर एसडीएम श्री राजन कुमार लोहिया के सामने रखी थी। उस दौरान एसडीएम ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था। इसके बाद जब मामला पुनः उनके संज्ञान में लाया गया तो उन्होंने तुरंत मंडार एईएन कुलदीप शर्मा से संपर्क कर नाराजगी जताई और शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम के निर्देश के बाद विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाते हुए 7 मई को टीम मौके पर भेजी और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर दिया। बिजली पोल सीधा होने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन, विद्युत विभाग और संदेश महल टीम का आभार व्यक्त किया।
मौके पर लाइनमैन आशीष भाई, परबत सिंह रावणा, दिनेश कुमार सैन, बाबू सिंह ठेकेदार, लालूसिंह रावणा, मंछा जी रावणा राजपूत सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की संवेदनशीलता और मीडिया की पहल से गांव की बड़ी समस्या का समाधान संभव हो सका।