दियंश कुमार लखीमपुर खीरी संदेश महल समाचार
शहरवासियों को जल्द ही ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार की पहल पर शहर में दो नए फोरलेन मार्गों के निर्माण की तैयारी तेज कर दी गई है।
प्रस्तावित परियोजना के तहत रामापुर तिराहा से नौरंगाबाद तक सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। वहीं डॉन बॉस्को नहर से गोला रोड तक चौड़ा मार्ग विकसित किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करना और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
परियोजना के अंतर्गत नहर की गहराई बढ़ाने के साथ सड़क को भी मजबूत और चौड़ा किया जाएगा, जिससे जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में भी कमी आएगी।
अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों मार्गों के तैयार होने के बाद शहर के प्रमुख क्षेत्रों में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। इससे पहले भी लालपुर बैरियर से संकटा देवी तथा राजपुर से डॉन बॉस्को तक फोरलेन सड़कें बनाई जा चुकी हैं, जिनसे यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए फोरलेन मार्ग बनने से शहर का यातायात और अधिक व्यवस्थित होगा तथा रोजाना सफर करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।