लखीमपुर खीरी संदेश महल समाचार
डीसीएम श्रीराम लिमिटेड की अजबापुर और लोनी चीनी मिल क्षेत्र के किसानों ने प्रदेश स्तरीय गन्ना उपज प्रतियोगिता (शीघ्र प्रजाति पौधा वर्ग) में इस बार इतिहास रच दिया। अजबापुर और लोनी के किसानों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल कर प्रदेश भर में समूह और क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया।
प्रतियोगिता में अजबापुर मिल क्षेत्र के ग्राम छत्तापुर के ज्योति प्रकाश सिंह ने 2509 क्विंटल/हेक्टेयर उपज लेकर पहला स्थान पाया। इसी क्षेत्र के ग्राम ओसरी के संत कुमार वर्मा ने 2441.50 क्विंटल/हेक्टेयर उपज से दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं लोनी मिल क्षेत्र के ग्राम उधरनपुर के अनुराग शुक्ला ने 2011 क्विंटल/हेक्टेयर उपज के साथ तीसरा स्थान पाया।
किसानों ने सफलता का श्रेय वैज्ञानिक खेती, मिट्टी परीक्षण, समय पर मशीनरी व खाद उपलब्ध होने और मिल अधिकारियों के मार्गदर्शन को दिया। विजेताओं ने कहा कि आज गन्ना खेती केवल मेहनत पर नहीं, बल्कि विज्ञान और तकनीक के सही इस्तेमाल पर निर्भर है।
डीसीएम श्रीराम समूह के अधिशासी निदेशक एवं सीईओ रोशन लाल टामक ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा, “कोई यूँ ही शीर्ष स्थान नहीं पाता। इसके पीछे परिश्रम, लगन और वैज्ञानिक सोच होती है।
समूह द्वारा गन्ना उपज बढ़ाने के लिए किसानों को प्रशिक्षण, आधुनिक कृषि यंत्र, रोग-कीट प्रबंधन की जानकारी, सोशल मीडिया के माध्यम से सफलता की कहानियाँ और फील्ड डे जैसे कार्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हाल ही में लोनी मिल में आयोजित सम्मान समारोह में 2500 क्विंटल/हेक्टेयर से अधिक उपज पाने वाले किसानों को ₹50,000, 2000 क्विंटल/हेक्टेयर से अधिक वालों को ₹25,000 और 1500 क्विंटल/हेक्टेयर से अधिक उपज वाले किसानों को ₹15,000 की नकद राशि प्रदान की गई।
कुल 145 किसानों को इस मौके पर सम्मानित किया गया। इस पहल से क्षेत्र के किसान अधिक पैदावार कल्चर की ओर तेजी से अग्रसर हो रहे हैं और गन्ना खेती को नए आयाम दे रहे हैं।