लखनऊ संदेश महल समाचार
बाबा नीम करौरी महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक योगदान पर आधारित फिल्म का पोस्टर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में बड़े ही सादगीपूर्ण और श्रद्धाभाव से जारी किया गया। इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मधुर भंडारकर ने किया है। पोस्टर विमोचन समारोह में उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस मौके पर पर्यटन मंत्री ने कहा कि बाबा नीम करौरी ने अपना पूरा जीवन समाज और धर्म की सेवा में समर्पित किया। उन्होंने कहा कि बाबा को न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी श्रद्धा और भक्ति के साथ याद किया जाता है। आज भी उनके भक्तों की संख्या देश-विदेश में लाखों में है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि यह फिल्म बाबा के आदर्शों और शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में मील का पत्थर साबित होगी।
बाबा नीम करौरी, जिन्हें लोग प्यार से ‘नीम करौरी बाबा’ या ‘बाबा नीब करौरी’ कहते हैं, 20वीं शताब्दी के महान संतों में गिने जाते हैं। उनका जीवन सादगी, करुणा और सेवा का प्रतीक था। वे मानते थे कि गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची भक्ति है। यही कारण है कि उनका आश्रम कांचीधाम से लेकर वृंदावन और अमेरिका तक फैला और आज भी वहां साधक और श्रद्धालु मार्गदर्शन और शांति प्राप्त करने पहुंचते हैं।
फिल्म के पोस्टर में बाबा की सरल और सौम्य छवि को दर्शाया गया है, जो उनकी दिव्य उपस्थिति का आभास कराती है। फिल्म के निर्देशक मधुर भंडारकर ने कहा कि यह परियोजना उनके लिए एक आध्यात्मिक यात्रा जैसी रही। उन्होंने बताया कि फिल्म में बाबा के जीवन दर्शन, उनके चमत्कारिक अनुभवों और भक्तों पर उनके प्रभाव को गहराई से दिखाने का प्रयास किया गया है।
समारोह में फिल्म के कलाकार, निर्माता और तकनीकी दल भी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ अध्यात्म का अद्वितीय अनुभव कराएगी।
जयवीर सिंह, पर्यटन मंत्री, उत्तर प्रदेश
“बाबा नीम करौरी जी ने समाज और धर्म की सेवा कर देवतुल्य स्थान प्राप्त किया। यह फिल्म उनके जीवन को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और उन्हें प्रेरित करने का कार्य करेगी।