हिमांशु यादव
मैनपुरी, संदेश महल समाचार
जनपद मैनपुरी में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। ससुराल से लौट रहे परिवार की स्कूटी को पीछे से आ रहे गैस टैंकर ने रौंद दिया। हादसे में पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बेटे की मौत इलाज के दौरान हो गई। हादसे में पत्नी और छह वर्षीय बेटी बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
यह हादसा भोगांव थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित ग्राम अरम सराय के पास हुआ। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला चौथीयाना निवासी रंजीत राठौर (36) आलू के थोक व्यापारी थे और आढ़त भी चलाते थे। बुधवार को वे पत्नी, बेटे ऋषभ (11) और छह वर्षीय बेटी के साथ अपनी ससुराल बेबर थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव (करीब 50 किलोमीटर दूर) श्राद्ध भोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह परिवार स्कूटी से वापस लौट रहा था।
सुबह करीब आठ बजे अरम सराय के पास रंजीत ने सड़क किनारे स्कूटी रोकी और टॉयलेट के लिए चले गए। बेटा ऋषभ स्कूटी के पास खड़ा रहा, जबकि पत्नी और बेटी फूल तोड़ने चली गईं। कुछ देर बाद रंजीत लौटकर बेटे के साथ स्कूटी पर बैठ गए और पत्नी-बेटी का इंतजार करने लगे। तभी पीछे से हरियाणा नंबर का एक गैस टैंकर (HR 45 E 3947) तेज रफ्तार से आया और स्कूटी को कुचलते हुए निकल गया।
हादसे में रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ऋषभ को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार टैंकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।