गोमती पुस्तक मेले का आगाज, सीएम योगी बोले—पढ़ना और आगे बढ़ना भारत की परंपरा

लखनऊ संदेश महल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित गोमती पुस्तक मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने वहां उपस्थित बच्चों से मुलाकात की और उन्हें पुस्तकें भी वितरित कीं।

नौ दिनों तक चलने वाले इस पुस्तक मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तकें हमारी सबसे अच्छी साथी होती हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शब्दों को याद दिलाते हुए कहा—“जब लोग पढ़ते हैं तो राष्ट्र आगे बढ़ता है।

सीएम योगी ने कहा कि पढ़ना और आगे बढ़ना भारत की परंपरा का हिस्सा रहा है। प्राचीन काल में भारत ने दुनिया को तक्षशिला और नालंदा जैसे महान विश्वविद्यालय दिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम एक घंटा रचनात्मक पुस्तक अवश्य पढ़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यदि कोई युवक प्रतिदिन सिर्फ एक घंटा भी अच्छी पुस्तक पढ़ लेता है, तो उसका जीवन कल्याणमय हो जाएगा। ज्ञान ही शक्ति है और यह शक्ति पुस्तकों से मिलती है।”

👉 गोमती पुस्तक मेला आने वाले नौ दिनों तक लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकाशकों और लेखकों की पुस्तकों के साथ लोगों के लिए खुला रहेगा।