मिर्जापुर में पहली अमृत फार्मेसी की सौगात केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया उद्घाटन

मिर्जापुर संदेश महल
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को जिला मंडलीय अस्पताल परिसर में जिले की पहली अमृत फार्मेसी का शुभारंभ किया। इस फार्मेसी के शुरू होने से अब मरीजों को महंगी ब्रांडेड दवाएं भी सस्ते दामों पर मिल सकेंगी।

इससे पहले मंडलीय अस्पताल और महिला अस्पताल परिसर में जन औषधि केंद्र संचालित थे, लेकिन अमृत फार्मेसी की शुरुआत के साथ मरीजों को और बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में प्रयुक्त महंगी दवाएं अब किफायती दरों पर उपलब्ध होंगी।

अनुप्रिया पटेल ने कहा—
“यह पहल मिर्जापुर वासियों के लिए बड़ी सौगात है। अमृत फार्मेसी से गरीब और जरूरतमंद मरीज भी महंगी दवाओं का लाभ उठा पाएंगे। इससे मरीजों की जेब पर पड़ने वाला बोझ कम होगा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित होगी।”

उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मरीज और स्थानीय लोग मौजूद रहे। उद्घाटन के तुरंत बाद ही मरीजों ने फार्मेसी से दवाएं लेना शुरू कर दिया।

यह कदम केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को और मजबूती देगा तथा मिर्जापुर जिले में सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक वरदान साबित होगा।