रुपेश मिश्रा
रामनगर बाराबंकी संदेश महल
रामनगर तहसील क्षेत्र के विकासखंड सूरतगंज की ग्राम पंचायत पिपरी महार में सड़क की जर्जर स्थिति ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। करीब 8,000 की आबादी वाले गांव का मुख्य मार्ग लगभग 200 मीटर तक खराब पड़ा हुआ है। बरसात में इस मार्ग पर जलभराव और कीचड़ के चलते लोगों का आवागमन दुश्वार हो गया है। कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से शिकायत की, लेकिन हर बार बजट न होने की बात कहकर मामला टाल दिया गया। शनिवार को आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण तहसील मुख्यालय रामनगर पहुंचे और उपजिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल को लिखित शिकायती पत्र सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि भूइहारे बाबा से सुरजी के घर तक का मार्ग पिछले तीन वर्षों से मनरेगा योजना में शामिल है, लेकिन अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ।
एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायती पत्र देने वालों में गांव निवासी रिजवान, सोनू, हनीफ, रूपेश, सुल्तान, मदन, मोहम्मद कलाम, सुखराज, बहादुर और गुरदयाल समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल थे।