नानपारा में कुछ घंटे के भीतर पति–पत्नी की संदिग्ध मौत

रणजीत सिंह
बहराइच संदेश महल
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के परसा अगइया गांव में रविवार को खौफ और सन्नाटे का माहौल उस समय गहरा गया, जब कुछ ही घंटे के अंतराल में पति–पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव में शोक और दहशत का माहौल है, जबकि दोनों परिवार एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात 28 वर्षीय बिट्टन घर के भीतर फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बिट्टन की मौत के बाद परिवार में तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ था। देर रात जब मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे तो उनका महिला के पति पप्पू से विवाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक और कहासुनी होती रही।इसी दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि देखते ही देखते मामला और उलझ गया। परिजनों का आरोप है कि तनाव व विवाद के बीच पप्पू भी देर रात संदिग्ध हालात में मृत पाया गया। हालांकि पुलिस ने इस बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।फिलहाल पुलिस दोनों मौतों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।