सीतापुर संदेश महल
रामपुर कला थाना क्षेत्र में छुट्टी पर आई एक महिला सिपाही के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सीतापुर की बेहमा चौकी क्षेत्र में खरीदारी करने गई सिपाही को दो सगी बहनों और उनके भाई ने चप्पलों से पीट दिया। पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है।महमूदाबाद क्षेत्र के बनेहरा गांव निवासी आरती सिंह फिलहाल गोंडा जिले में सिपाही के पद पर तैनात हैं। रविवार दोपहर वह अपनी बहन के साथ बाजार पहुंची थीं। आरोप है कि गांव की मधु दीक्षित, उसकी बहन और भाई ने दुकान के बाहर आरती पर अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर तीनों ने गाली–गलौज करते हुए उन पर हमला बोल दिया।सिपाही को चप्पलों और थप्पड़ों से पीटा गया तथा घसीटकर दुकान के अंदर ले जाया गया। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरती ने बताया कि मारपीट में उन्हें कई चोटें आई हैं और वह मानसिक रूप से भी तनाव में हैं।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है। आरती की तहरीर पर तीनों के खिलाफ मारपीट, गाली–गलौज और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।