जौनपुर में कछुआ तस्करों का भांडाफोड़, पति-पत्नी समेत दो गिरफ्तार

जौनपुर संदेश महल समाचार
जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने वन्य जीव तस्करी का बड़ा भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन से पुलिस ने पति-पत्नी समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार बैगों में भरे जीवित कछुए बरामद हुए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से कछुआ तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमेठी जनपद के थाना जगदीशपुर अंतर्गत ग्राम परवेजपुर निवासी मोतीलाल और उसकी पत्नी ममता के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे केवल कछुओं को पहुंचाने का काम करते थे और इसके एवज में उन्हें छह हजार रुपये मिलते थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस नगर के कासिमपुर मोहल्ले निवासी मुस्ताक पुत्र इखलाक अहमद के घर पहुंची। तलाशी के दौरान घर में बने गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में जीवित कछुए बरामद हुए। इसके अलावा वहां से 10 बोरी और 4 बैग कछुओं की हड्डियां भी मिलीं, जिससे तस्करी के बड़े पैमाने पर होने का अंदेशा और गहरा हो गया।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और बरामद कछुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक खेतासराय थाना पुलिस ने कुल 13 बोरे प्रतिबंधित जीवित कछुए बरामद किए हैं। वहीं अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय पेशेवर वन्य जीव तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है।

एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।