फतेहपुर बाराबंकी संदेश महल समाचार
तहसील फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम देवखरिया पुरवा में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। रसोई में खाना बनाते समय अचानक प्रेशर कुकर फट गया। हादसे में 16 वर्षीय किशोरी नंदनी पुत्री बनवारी लाल गंभीर रूप से झुलस गई।
जानकारी के अनुसार नंदनी घर पर गैस चूल्हे पर दाल पका रही थी। इसी दौरान कुकर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके से उबलती दाल और भाप सीधे उसके ऊपर गिर पड़ी। किशोरी के चीखने की आवाज सुनकर परिजन व आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने आनन-फानन में 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस से नंदनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि किशोरी काफी हद तक झुलस चुकी है, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।