महमूदाबाद सीतापुर संदेश महल समाचार
जिले में बाघ के बाद अब तेंदुए की दहशत लोगों को सता रही है। बुधवार की देर रात नहर कॉलोनी में मनोहर लॉन के गेट के पास तेंदुआ दिखाई दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
लॉन मालिक रितेश रस्तोगी ने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे वह परिसर में मौजूद थे। अचानक उन्हें किसी जंगली जानवर की गुर्राहट सुनाई दी। शंका होने पर जब उन्होंने सीसीटीवी कैमरे में देखा तो साफ हो गया कि वह तेंदुआ ही है।
उन्होंने तत्काल अपने करीबी लोगों को जानकारी दी, लेकिन जब तक लोग वहां पहुंचे, तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। रात में हुई इस घटना ने पूरे मोहल्ले में खौफ का माहौल पैदा कर दिया।
गौरतलब है कि इसी नहर कॉलोनी इलाके में कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा का आवास भी स्थित है। तेंदुए की मौजूदगी की खबर मिलते ही महमूदाबाद विधायक आशा मौर्या, अंबरीश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से जिले के अलग-अलग हिस्सों में बाघ और तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही है, जिससे ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ शहरी बस्तियों में भी दहशत फैल गई है। वन विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है।