लखनऊ संदेश महल समाचार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह में प्रदेश के तीन लाख 96 हजार से अधिक विद्यार्थियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के बैंक खातों में 89 करोड़ 96 लाख रुपये की धनराशि का ऑनलाइन हस्तांतरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017-18 की तुलना में प्रदेश में छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि वर्ष 2025-26 तक दोगुनी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार शिक्षा को सर्वसुलभ और सर्वसमावेशी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वन नेशन, वन स्कॉलरशिप की व्यवस्था लागू करने जा रहे हैं। इस व्यवस्था के तहत छात्र के स्कूल में प्रवेश लेते ही छात्रवृत्ति एक क्लिक से सीधे उसके खाते में पहुँचेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2020 में लागू की गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम है। इसका उद्देश्य प्रत्येक छात्र-छात्रा को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराना और ड्रॉपआउट दर को न्यूनतम स्तर तक लाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह सके और हर विद्यार्थी को उसका हक समय पर मिले।