बाराबंकी संदेश महल समाचार
गोरखपुर निवासी शिवसेना के प्रदेश महासचिव मनोज उर्फ लल्लन दूबे पर सोमवार को जानलेवा हमला हुआ। आरोप है कि लोक निर्माण विभाग खंड-3 गोरखपुर के अभियंता डी.के. सिंह, रेंजन कुमार समेत 10–15 लोगों ने उन्हें पीटा, गाली-गलौज की और मोबाइल छीन लिया। मनोज दूबे आरटीआई के जरिए विभागीय भ्रष्टाचार उजागर कर रहे थे। इसी रंजिश में हमला किया गया।
घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात दर्ज है। पीड़ित ने 112 नंबर पर सूचना दी और चौकी इंचार्ज, विश्वविद्यालय गोरखपुर को तहरीर भी दी, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
इस मामले को लेकर शिवसैनिकों में भारी आक्रोश है। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। शिवसैनिकों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर हमले लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला हैं। यदि समाजसेवी और जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो आम जनता का मनोबल टूटेगा।
शिवसैनिकों ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी से जुड़े कर्मचारी सरकार की छवि धूमिल कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोषी कर्मचारियों पर कठोर कार्रवाई और मनोज दूबे को तत्काल न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में नगर अध्यक्ष अनिल शर्मा, राजवन शर्मा, सचिन यादव, सरवन रावत, रामतीरथ, सत्यवान, मनोज कुमार वर्मा उर्फ अन्ना समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।