श्रीलंकाई पर्यटकों ने मैनपुरी के भावत गांव में ग्रामीण जीवन का किया अनुभव

दीपू सिंह
मैनपुरी संदेश महल
एलाऊ-जागीर ब्लॉक के ग्राम भावत में विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ। श्रीलंकाई पर्यटकों का स्वागत रोहित होमस्टे पर किया गया। पर्यटकों ने मैनपुरी की प्रसिद्ध तारकशी कला के उत्पाद देखे और इस कला की बारीकियों को समझा।

पर्यटकों ने सिंघाड़े की खेती का अवलोकन किया और इसके स्वाद का आनंद लिया। साथ ही उन्होंने पारंपरिक मथनी से मक्खन निकालने की प्रक्रिया देखी और हाथ से चक्की चलाने का अनुभव भी लिया।

गांव के जखदर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर पर्यटक धार्मिक भावनाओं से भी जुड़ पाए। शाम के समय स्टोरीटेलर अभिषेक भदौरिया ने वॉचटावर से पूरे गांव का मनोरम दृश्य दिखाया।

विशेष आकर्षण के रूप में पर्यटकों ने बैलगाड़ी की सवारी का आनंद भी लिया।

कार्यक्रम में आदर्श सेवा समिति के ग्रामीण विकास विशेषज्ञ गौरव गौतम, जिला समन्वयक रोहित प्रजापति, प्रकाश कुमार, ग्राम समन्वयक राजीव, स्टोरी-टेलर दीपक प्रजापति, और रोहित होमस्टे के मालिक विश्राम सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।

गांववासियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम से न केवल विदेशी पर्यटक भारतीय ग्रामीण संस्कृति को समझ पाते हैं, बल्कि स्थानीय जीवन शैली और कला का प्रचार भी होता है।