शिक्षिका का शव फंदे से लटका मिला पति ने लगाए मानसिक उत्पीड़न के आरोप

बाराबंकी संदेश महल
जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के हरख ब्लॉक स्थित उधवापुर कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय की शिक्षिका का शव प्रिंसिपल कक्ष में फांसी के फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिक्षिका के पति ने स्कूल स्टाफ पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।जानकारी के अनुसार, उधवापुर कंपोजिट विद्यालय में तैनात शिक्षिका उमा वर्मा उर्फ माला (निवासी जलालपुर, नगर कोतवाली) शनिवार सुबह विद्यालय पहुंचीं। बताया गया कि वह कुछ समय बाद प्रिंसिपल के कमरे में चली गईं। काफी देर तक बाहर न आने पर स्टाफ ने दरवाजा खोला तो उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों और शिक्षा विभाग में अफरातफरी मच गई।सूचना मिलने पर सतरिख पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
शिक्षिका के पति ऋषि वर्मा, जो सिद्धौर ब्लॉक में एआरपी (अकादमिक रिसोर्स पर्सन) के पद पर तैनात हैं, ने आरोप लगाया कि स्कूल स्टाफ द्वारा उनकी पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे वह पत्नी को स्कूल छोड़कर अपने कार्यस्थल चले गए थे।
मामले पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने कहा कि लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।