24 घंटे में चोरी का खुलासा, किराए पर रहने वाले पिता–पुत्र गिरफ्तार

18 लाख का माल बरामद, अधिवक्ता के घर हुई थी चोरी

सीतापुर संदेश महल समाचार।शहर कोतवाली क्षेत्र के पूर्णागिरि नगर मोहल्ले में अधिवक्ता भूपेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के घर हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। कोतवाली नगर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस घटना में शामिल दो शातिर अभियुक्तों—पिता-पुत्र—को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लगभग पूरे चोरी किए गए सामान की बरामदगी का दावा किया है।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोंसले के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में सुशील त्रिवेदी पुत्र महावीर त्रिवेदी तथा उसका पुत्र सिद्धार्थ त्रिवेदी, निवासी ग्राम नरहरा थाना महोली, को दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार बरामद सामान का कुल मूल्य लगभग ₹18 लाख है, जिसमें शामिल हैं

₹8,07,000 नकद

लगभग ₹10 लाख मूल्य के 36 पीली धातु के आभूषण (हार, कंगन, झुमकी, मंगलसूत्र आदि)

35 सफेद धातु के आभूषण (पायल, बिछिया, चांदी के सिक्के आदि)

2 आईफोन, 1 पिट्ठू बैग, बैंक पासबुक, मोबाइल बिल, आधार कार्ड आदि

किराएदार निकले चोर

घटना 06 नवम्बर 2025 को दिन में घटित हुई थी। अधिवक्ता के घर में दोनों आरोपी किराए पर रहते थे और मौके का फायदा उठाकर नकदी व आभूषण चोरी कर ले गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि चोरी के बाद ₹65,000 से लखनऊ में दो मोबाइल फोन खरीदे थे और बाकी माल लेकर प्रदेश से भागने की तैयारी कर रहे थे।

धारा बढ़ाई गई, दोनों को जेल भेजा

कोतवाली नगर में पंजीकृत मु.अ.सं. 342/25 में दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।