गोरखपुर संदेश महल समाचार
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार देर रात गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर नियमित चेकिंग के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने वैशाली एक्सप्रेस से एक युवक को एक करोड़ रुपये की नकदी के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया युवक स्वयं को मुकुंद माधव, निवासी मोकामा, जिला पटना (बिहार) बता रहा है।
चुनावी अलर्ट के बीच रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सघन जांच अभियान चल रहा है। इसी क्रम में जब संयुक्त टीम एसी कोच में पहुंची तो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखा। शक के आधार पर उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें नोटों के कई बंडल मिले। गिनती में कुल रकम करीब एक करोड़ रुपये पाई गई।
पूछताछ में युवक रकम के स्रोत और गंतव्य के बारे में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। प्रारंभिक रूप से अधिकारियों को आशंका है कि यह धनराशि हवाला चैनल के माध्यम से चुनावी प्रयोजन के लिए भेजी जा रही थी।
रेलवे क्षेत्राधिकारी (सीओ) विनोद कुमार सिंह ने बताया कि बरामद रकम को सीज कर आयकर विभाग को सूचना भेज दी गई है। युवक से पूछताछ जारी है तथा उसके मोबाइल और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आयकर और खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी नकदी किस स्रोत से आई और इसे मोकामा किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था। चुनावों के दौरान काले धन के प्रवाह पर रोक लगाने के प्रयासों में गोरखपुर जीआरपी की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।