सीतापुर संदेश महल
देवई गांव स्थित इकबाल पुत्र बहादुर अली की रजाई फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। करीब सुबह 8 बजे उठे धुएं के गुबार को देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।
तेज लपटों के कारण कुछ भी निकालने का मौका नहीं मिला और फैक्ट्री में रखी रजाइयां, कपड़ा व अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा परिसर धुएं से भर गया और आसपास का इलाका दहशत में आ गया।
ग्रामीणों ने बाल्टियों और पाइपों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट आग की वजह हो सकता है। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों का सामान जलने से फैक्ट्री मालिक को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।