लखनऊ, संदेश महल समाचार
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल मेरा युवा भारत (माय भारत) पोर्टल पर “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज” का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2025 तक चलेगी।
उपनिदेशक विकास कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अग्रणी भूमिका पर जोर दिया था। उसी विचार को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को यह मंच दिया जा रहा है, जहाँ वे अपनी सोच और दृष्टिकोण साझा कर सकेंगे।
इस क्विज में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को 10 मिनट में 20 बहुविकल्पीय प्रश्नों का उत्तर देना होगा। प्रतियोगिता बिल्कुल निशुल्क है और इसे देश की 12 प्रमुख भाषाओं में हल किया जा सकता है।
प्रथम 10,000 विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। खास बात यह है कि श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद करने और विकसित भारत की योजनाओं में अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।
लखनऊ जनपद के युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस क्विज में भाग लें और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज करें।