विवेकानंद के सपनों को साकार कर रहे मोदी : संजय राय

फतेहपुर बाराबंकी संदेश महल
कस्बा फतेहपुर में रामनगर रोड स्थित बाबा मैरिज लॉन में भाजपा की ओर से “नरेन्द्र से नरेन्द्र तक : विकसित भारत, विकसित यूपी का दृष्टिकोण और हमारे नागरिक कर्तव्य” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ।

विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा ने कहा कि “नरेन्द्र से नरेन्द्र तक” का तात्पर्य स्वामी विवेकानंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से है। स्वामी विवेकानंद ने भारत को विश्व पटल पर गौरवान्वित किया, वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की छवि को वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाया है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत 2047” की परिकल्पना को साकार करने में उत्तर प्रदेश की अहम भूमिका होगी और इसमें युवा वर्ग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

विधायक ने बताया कि एनएच-727 का कार्य नवंबर से शुरू होगा, जिसके लिए सवा दो सौ करोड़ रुपये का मुआवजा किसानों के खातों में भेजा जा चुका है। क्षेत्र में ग्राम प्रधानों के सहयोग से सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग और अन्य विकास कार्य कराए गए हैं। फतेहपुर और निंदूरा में फायर स्टेशन तैयार हो चुके हैं। गुरसेल मंदिर, महादेव तालाब मंदिर, बाबा साहब स्मारक, रंजीतपुर मंदिर और भगौली तीर्थ सहित कई धार्मिक स्थलों का विकास कराया गया है।

मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि विभाजन के समय देश कमजोर स्थिति में था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वामी विवेकानंद के सपनों को पूरा कर रहे हैं। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम का संचालन अंशुमान मिश्रा ने किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक कुशमेश, अवधेश श्रीवास्तव, महंत हेमंत दास, मंडल अध्यक्ष रंजीत लोधी, करूणा शंकर शुक्ला, विपिन राठौर, तरुण शुक्ला, हरनाम सिंह वर्मा, सरोज वर्मा, राम कुमार गिरी, देशराज वर्मा, नैनटू सिंह, विजय आनंद बाजपेई, अंतरिक्ष रावत, विजय गुप्ता समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।