पूमावि में एमडीएम शेड का लोकार्पण, बीडीओ ने बच्चों संग बैठकर चखी तहरी

पिसावां सीतापुर संदेश महल समाचार

विकास खंड पिसावां के कस्बा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को नवनिर्मित मिड-डे मील (एमडीएम) शेड का लोकार्पण खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) श्रुति शर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित की और उनके साथ जमीन पर बैठकर मिड-डे मील में बनी तहरी का स्वाद चखा। भोजन से पूर्व उन्होंने बच्चों के साथ ईश्वर का स्मरण भी किया।
भोजन के बाद बीडीओ ने बच्चों से मिड-डे मील की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने मुस्कुराते हुए भोजन को “अच्छा” और “मस्त” बताया। बच्चों की प्रतिक्रिया से प्रसन्न बीडीओ ने उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
श्रुति शर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें बेहतर शिक्षा, पौष्टिक भोजन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर बच्चों की प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने एमडीएम शेड के आसपास बंदरों और आवारा कुत्तों की समस्या उठाते हुए सुरक्षा के लिए जाली और गेट लगाए जाने की मांग की। इस पर बीडीओ ने ग्राम सचिव पवन कुमार को बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र जाली और गेट लगवाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में ग्राम सचिव पवन कुमार, प्रभारी प्रधानाध्यापक अरविंद तिवारी, सहायक शिक्षक चंद्रभाल वर्मा, सहायक अध्यापक कुमुद, अनुदेशक सोनी सिंह, अजीत सिंह, विनोद गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।