किशोर ने काली नदी में लगाई छलांग तलाश जारी

 

हिमांशु यादव
मैनपुरी संदेश महल समाचार
जनपद मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक किशोर ने वीते दिन दोपहर में चोरी के आरोप से परेशान होकर काली नदी भनऊ घाट पुल से पानी में छलांग लगा दी। काफी खोजबीन के बाद भी किशोर का दूसरे दिन भी पता नहीं चला। पी ए सी के गोताखोर किशोर के शव की तलाश कर रहे हैं। बताते चलें कि वीते गुरुवार को गांव नगला पीते निवासी शीशराम उर्फ रामनाथ का 16 वर्षीय पुत्र ऊदल कुमार जो कि कक्षा 11 का होनहार छात्र था। जिस पर गांव निवासी एक युवक ने उस पर 30 हजार रुपए चुरा लेने का आरोप लगाया था। चोरी के आरोप से किशोर मन ही मन क्षुब्ध चल रहा था। उसका कहना था कि जब वह चोर नहीं है तो उसे दोषी क्यों ठहराया जा रहा है। वह वीते गुरुवार की दोपहर दो बजे के लगभग घर से चुपचाप बिना किसी को कुछ बताये भनऊ पुल पर पहुंच गया और अपनी चप्पल वहीं उतारकर रैलिंग पर चढ़ा तो जब तक वहां जानवर चरा रहे लोग उसे रोक पाते तब तक उसने नदी में छलांग लगा दी। तेज नदी के बहाव में उसका कुछ पता नहीं चला। जब परिजन वहां पहुंचे तो चप्पल पहचान कर किशोर की पहचान की तो कोहराम मच गया। स्थानीय गोताखोरों ने नदी में घुसने का प्रयास किया तो नदी में बाढ़ के चलते उनकी हिम्मत टूट गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई तो थानाध्यक्ष अवनीश कुमार त्यागी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सूचना मिलते ही एसडीएम भोगांव सन्ध्या शर्मा व क्षेत्राधिकारी भोगांव सत्य प्रकाश शर्मा भी पहुंच गये और घटना की जानकारी ली। नदी के किनारे किनारे रात भर तलाश चलती रही। शुक्रवार की सुवह कासगंज से आयी पीएसी की गोताखोर रैस्क्यू टीम ने स्टीमर को नदी में उतारकर किशोर की तलाश शुरू कर दी। दोपहर में क्षेत्रीय विधायक व पूर्व आवकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री भी भनऊ पुल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली और थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी से रैस्क्यू आप्रेशन के बारे में जानकारी ली। वहीं परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। समाचार लिखे जाने तक रैस्क्यू आप्रेशन जारी था।