सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, तीन की मौत

नई दिल्ली संदेश महल समाचार

राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में छात्रों के पीजी के तौर पर इस्तेमाल की जा रही पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबा हटाने का काम शुरू किया। बचाव अभियान के दौरान अब तक 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। वहीं, हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
बचाव दल मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश में जुटा है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। इमारत गिरने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।