भटाना में मारवाड़ ग्रामीण बैंक के हजारों खाताधारक ATM सुविधा से वंचित

भटाना सिरोही राजस्थान संदेश महल समाचार

ग्राम पंचायत मुख्यालय भटाना में मारवाड़ ग्रामीण बैंक की शाखा संचालित होने के बावजूद क्षेत्र के हजारों खाताधारकों को आज तक एटीएम सुविधा का इंतजार है। ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के करीब 20 से 30 गांवों के लोग बैंक की सेवाओं पर निर्भर हैं, लेकिन एटीएम की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें नकदी निकालने के लिए रेवदर या मंडार तक जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार भटाना में बैंक शाखा लंबे समय से संचालित है, लेकिन अब तक एटीएम की व्यवस्था नहीं हो पाई है। ऐसे में खाताधारकों को पैसों की जरूरत पड़ने पर बैंक शाखा या ई-मित्र केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि ई-मित्र के माध्यम से खाते से पैसे निकालने पर उन्हें अतिरिक्त शुल्क भी देना पड़ता है।

20 से 30 गांवों के ग्रामीण बैंक पर निर्भर

भटाना स्थित मारवाड़ ग्रामीण बैंक की शाखा से आसपास के कई गांवों के लोग जुड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार तो हुआ, लेकिन एटीएम जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं होने से खाताधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक आसपास के कई गांवों में ई-मित्र संचालक बैंक से संबंधित विभिन्न कार्यों में लोगों की मदद करते हैं। बचत खाते से जुड़े काम से लेकर ऋण संबंधी प्रक्रियाओं तक के लिए ग्रामीणों को अलग-अलग सेवाओं पर शुल्क देना पड़ता है।

बैंक प्रबंधन से ATM लगाने की मांग

खाताधारक रेवारााम सुथार ने बैंक प्रबंधन से भटाना में जल्द से जल्द एटीएम स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बैंक प्रबंधन को अपनी मुख्य शाखा एवं उच्च अधिकारियों से संपर्क कर भटाना में एटीएम सुविधा उपलब्ध करवानी चाहिए, ताकि क्षेत्र के ग्रामीणों को नकदी के लिए दूसरे कस्बों का रुख न करना पड़े।
ग्रामीणों का कहना है कि जब क्षेत्र में बैंक के हजारों खाताधारक हैं तो एटीएम जैसी आवश्यक सुविधा के लिए उन्हें आखिर कब तक इंतजार करना पड़ेगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।