पुष्यमित्र शुंग के षड्यंत्र से मौर्य साम्राज्य के पतन तक की सुनाई गाथा

 

बुद्ध धम्म ज्ञान चर्चा में संघमित्रा बौद्ध ने सम्राट अशोक के शासनकाल और बौद्ध धम्म के इतिहास पर डाला प्रकाश


हरदोई संदेश महल समाचार। हरियावां विकासखंड के ग्राम जरेली में आयोजित पांच दिवसीय बुद्ध धम्म ज्ञान चर्चा में राष्ट्रीय धम्म प्रचारिका कुंवारी संघमित्रा बौद्ध ने सम्राट अशोक के गौरवशाली शासनकाल से लेकर मौर्य साम्राज्य के पतन तक की ऐतिहासिक घटनाओं का वर्णन किया। उन्होंने पुष्यमित्र शुंग द्वारा अंतिम मौर्य शासक बृहद्रथ मौर्य की हत्या के प्रसंग के माध्यम से लोगों को इतिहास के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जाग जाएं नारियां तो देश बदल जाएगा। महिलाओं को अपने महापुरुषों, पूर्वजों और गौरवशाली इतिहास की जानकारी अवश्य रखनी चाहिए। जिस समाज को अपने इतिहास का ज्ञान होता है, वह अपने अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान के प्रति अधिक सजग रहता है।


संघमित्रा बौद्ध ने कहा कि सम्राट अशोक ने कलिंग युद्ध की विभीषिका देखने के बाद हिंसा का मार्ग त्यागकर तथागत गौतम बुद्ध के धम्म को अपनाया था। उनके शासनकाल में करुणा, मैत्री, अहिंसा और मानवता के सिद्धांतों को विशेष महत्व मिला। उन्होंने जनकल्याण और सामाजिक सद्भाव को शासन का आधार बनाया तथा धम्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने मौर्य साम्राज्य के अंतिम शासक बृहद्रथ मौर्य की हत्या का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि सेनापति पुष्यमित्र शुंग ने उनकी हत्या कर सत्ता पर अधिकार कर लिया था। इस सत्ता परिवर्तन के साथ ही मौर्य वंश का अंत हो गया। उन्होंने इस कालखंड में बौद्ध भिक्षुओं के सामने आई चुनौतियों और बौद्ध धम्म से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि तथागत बुद्ध का धम्म अंधविश्वास, पाखंड, आडंबर और भेदभाव से दूर रहकर तर्क, विवेक, समानता और मानवता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।
अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को महापुरुषों के जीवन, उनके संघर्ष और शिक्षाओं से परिचित कराएं। इससे आने वाली पीढ़ियों में शिक्षा, समानता, सामाजिक जागरूकता और भाईचारे की भावना मजबूत होगी।