सीतापुर संदेश महल समाचार
सीतापुर में मारपीट में घायल महिला की मौत, कुछ घंटे बाद कैंसर पीड़ित पति ने भी तोड़ा दम
पत्नी की मौत के बाद पति की भी गई जान, परिवार में पसरा मातम
महोली (सीतापुर)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में घायल महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, पत्नी की मौत के कुछ घंटे बाद देर रात उसके कैंसर पीड़ित पति की भी मौत हो गई। परिवार में एक के बाद एक दो मौतों से कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना महोली कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर गांव की है। यहां दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। इस दौरान देवकली गांव निवासी चमेली गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि चमेली के पति नरेश (58) लंबे समय से बीमार चल रहे थे और कैंसर से पीड़ित थे। पत्नी की मौत के कुछ घंटे बाद देर रात नरेश की भी मौत हो गई। हालांकि, उनकी मौत का कारण बीमारी बताया जा रहा है। पत्नी की मौत के सदमे की चर्चा भी गांव में है।
इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार में कुछ घंटों के अंतराल पर दो लोगों की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।