सीतापुर और हरदोई में सड़क हादसे, बाइक की टक्कर से दो घायल; दूसरी घटना में पिता-पुत्री जख्मी

ठाकुर प्रसाद पिसावां/हरदोई संदेश महल समाचार

क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं में बाइक सवारों को चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पेट्रोल पंप के सामने बाइक ने मारी टक्कर, दो घायल

पहली घटना में पेट्रोल पंप के सामने एक अज्ञात बाइक सवार ने दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में माया राम और विजय सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिसावां पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से फरार हो गया।

कुत्ते को बचाने के प्रयास में गिरी बाइक, पिता-पुत्री घायल

दूसरी घटना हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र के हरसिंगपुर निवासी हरीशंकर पुत्र भूपचंद के साथ हुई। बुधवार को वह अपनी बेटी के साथ बाइक से लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज थाना क्षेत्र के नया गांव गए थे, जहां उन्हें अपनी बहन के घर भाई दूज का टीका लगवाना था।
देर शाम घर लौटते समय पिसावां थाना क्षेत्र के भितिया गांव के पास अचानक सड़क पर आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में हरीशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी बेटी को भी चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद हरीशंकर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।